बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत सुनिश्चित है:अशाेक चाैधरी
पटना, 16 जुलाई (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में गुरुवार काे आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकाराें से बात करते हुए मंत्री अशाेक चाैधरी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजग की प्रचंड जीत सुनिश्चित है।
बंटी यादव हत्याकांड पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लाॅ एंड ऑडरको लेकर पूरी तरह सख्त है। अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी दोषी को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को राशन कार्ड का लाभ उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा पंचायत प्रतिनिधियों को भी इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
डाॅ चाैधरी ने ‘एक देश-एक चुनाव’ की व्यवस्था को देशहित में बताते हुए कहा कि इसके लागू होने से बार-बार होने वाले चुनावों पर होने वाले अनावश्यक खर्च में कमी आएगी, प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा तथा विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी।
मंत्री डाॅ श्वेता गुप्ता ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि सभी लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई है। जिन चुनिंदा लाभार्थियों के जीवन प्रमाणीकरण में समस्या आने के कारण राशि हस्तांतरण में बाधा आई है, उनके मामलों का विभाग गंभीरता से निराकरण कर रहा है। प्रत्येक मामले का व्यक्ति-स्तर पर सत्यापन कर सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में शीघ्र राशि भेजी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि ₹400 प्रति माह से बढ़ाकर ₹1100 प्रति माह किया जाना एक ऐतिहासिक निर्णय है। इससे समाज के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं सहित सभी लाभार्थियों को आर्थिक संबल मिला है।
जनसुनवाई कार्यक्रम में मंत्रियाें ने अपने अपने विभाग के विभिन्न जिलों से आए आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। फरियादियों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए दोनों मंत्रियों ने संबंधित अधिकारियों को विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी