इस्कॉन मंदिर में धूमधाम से मनाया गया चौथा ब्रह्मोत्सव

 

पटना, 20 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी पटना के इस्कॉन मंदिर में अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर चौथे वार्षिकोत्सव (ब्रह्मोत्सव) का भव्य आयोजन साेमवार काे किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान भगवान की कथा, हरिनाम संकीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचनों ने माहौल को पूरी तरह से वृंदावनमय बना दिया। इस विशेष अवसर पर भगवान का पंचामृत से महाभिषेक किया गया और 108 प्रकार के महाभोग अर्पित किए गए, जिससे भक्तों में खास उत्साह देखने को मिला।

इस्कॉन टीएमसी के सह-अध्यक्ष आदि कर्ता दास ने बताया कि कलियुग में भगवान के नाम का निरंतर जप ही मानव जीवन के उद्धार का सबसे सरल और प्रभावी मार्ग है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से हरिनाम संकीर्तन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय सह-सचिव गोकलेश्वर दास ने बताया कि इस्कॉन पटना लगातार भगवान के नाम के प्रचार-प्रसार और आध्यात्मिक जागरण के लिए कार्य कर रहा है। राधापति चरण दास ने मंदिर की वार्षिक गतिविधियों और विभिन्न सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी