हरजोत कौर बम्हरा ने बीपीएससी अध्यक्ष का पदभार संभाला

 


-आयोग की पहली पूर्णकालिक महिला अध्यक्ष बनीं

पटना, 29 नवंबर (हि.स.)। हरजोत कौर बम्हरा ने रविवार को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके साथ ही वे वर्ष 1949 में आयोग की स्थापना के बाद इसकी पहली पूर्णकालिक महिला अध्यक्ष बन गई हैं।

वर्ष 1992 बैच की बिहार कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी हरजोत कौर ने लेडी श्रीराम कॉलेज और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका के प्रतिष्ठित ड्यूक विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल डेवलपमेंट में मास्टर डिग्री हासिल की है।

पदभार ग्रहण करने के अवसर पर आयोग के सदस्य पंकज कुमार, निशीथ वर्मा और मुरली प्रसाद सिंह तथा परीक्षा नियंत्रक अमिताभ सिन्हा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी