हरजोत कौर बम्हरा ने बीपीएससी अध्यक्ष का पदभार संभाला

 


-आयोग की स्थापना के बाद पहली महिला अध्यक्ष बनीं-1992 बैच की आईएएस अधिकारी हैं हरजोत कौर

पटना, 16 सितंबर (हि.स.)। बिहार राजस्व पर्षद की अध्यक्ष हरजोत कौर बम्हरा ने बुधवार को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। आयोग की स्थापना वर्ष 1949 में होने के बाद वह इसकी पहली महिला अध्यक्ष बनी हैं।

पदभार ग्रहण के अवसर पर बिहार लोक सेवा आयोग के सचिव हेमंत कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि हरजोत कौर बम्हरा वर्ष 1992 बैच की बिहार कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एमफिल की उपाधि हासिल की। उन्होंने अमेरिका के ड्यूक विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय विकास में मास्टर डिग्री भी प्राप्त की है।

बीपीएससी की स्थापना वर्ष 1949 में हुई थी। हरजोत कौर बम्हरा के पदभार ग्रहण के साथ आयोग के इतिहास में पहली बार किसी महिला ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी