बिहार के राज्यपाल ने किया गयाजी ओटीए का दौरा, कैडेट्स को सैन्य नेतृत्व पर दिया प्रेरक व्याख्यान

 


गया जी, 05 मई (हि.स.)। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त ) सैयद अता हसनैन ने मंगलवार को ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) गयाजी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और ऑफिसर कैडेट्स को “सैन्य नेतृत्व की भावना” विषय पर एक प्रेरणादायक व्याख्यान दिया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने सैन्य जीवन में ईमानदारी, पेशेवर उत्कृष्टता, अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एक सफल सैन्य नेता वही होता है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य के प्रति अडिग रहता है और टीम को सही दिशा में नेतृत्व प्रदान करता है।

भारतीय सेना में चार दशकों से अधिक के अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने के अपने अनुभवों से कैडेट्स को अवगत कराया। उन्होंने श्रीलंका, सियाचिन ग्लेशियर, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सेवा देने के दौरान मिली सीख को विस्तार से बताया।

इसके अलावा, उन्होंने अफ्रीका में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशनों में निभाई गई अपनी भूमिका का भी उल्लेख किया और बताया कि वैश्विक स्तर पर कार्य करते समय विविध परिस्थितियों में नेतृत्व कौशल का किस प्रकार उपयोग करना पड़ता है।

राज्यपाल ने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और अपने व्यक्तित्व में अनुशासन, समर्पण तथा नेतृत्व क्षमता का निरंतर विकास करें। उनके इस प्रेरक व्याख्यान से उपस्थित कैडेट्स और अधिकारियों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी