समस्तीपुर में बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के निर्माण के दौरान चार मजदूर घायल, इलाज जारी

 

पटना, 04 जुलाई (हि.स.)। समस्तीपुर बख्तियारपुर–ताजपुर पुल परियोजना में शनिवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान एक तकनीकी खराबी के कारण हादसा हो गया, जिसमें चार श्रमिक घायल हो गए। पथ निर्माण विभाग ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने घटना के बाद तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

पथ निर्माण विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग नौ बजे परियोजना के पी-38 पिलर पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सीएफटी मशीन के एक हिस्से में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। खराबी के कारण मशीन के नीचे लगी ट्रे एक ओर झुक गई, जिससे वहां कार्य कर रहे चार श्रमिक उसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायल श्रमिकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। विभाग ने बताया कि घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।

पथ निर्माण विभाग ने कहा कि राज्य सरकार और विभाग के लिए श्रमिकों का जीवन, स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना के बाद संबंधित स्थल पर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भेजा गया है, जिसने मशीन की जांच और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि तकनीकी खराबी किन कारणों से उत्पन्न हुई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परियोजना स्थल पर सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जा रही है, जिससे निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी