बिहार सरकार के कर्मचारियों को फरवरी महीने का वेतन होली से पहले जारी कर दिया जाएगा: विजेंद्र यादव

 


पटना, 24 फरवरी (हि.स.)। बिहार विधानपरिषद में मंगलवार को राज्य के वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि इस बार सभी सरकारी कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन होली से पहले ही जारी कर दिया जाएगा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लोग राज्य का खजाना खाली होने की बात कह रहे हैं, जबकि ऐसी कोई स्थिति नहीं है। राज्य की वित्तीय स्थिति पूरी तरह स्थिर है और भ्रम फैलाने की आवश्यकता नहीं है।

विजेंद्र यादव ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि सरकार होली से पहले कर्मचारियों का वेतन तो देगी, लेकिन कोशिश करेगी कि विपक्षी सदस्यों का वेतन न मिले। उनके इस बयान पर सदन में ठहाके गूंज उठे और माहौल विनोदपूर्ण हो गया।

बजट पर आयोजित वाद-विवाद का जवाब देते हुए उन्होंने राजद सदस्यों को आड़े हाथों लिया और राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत बताया।

वक्तव्य के दौरान विपक्षी सदस्यों की ओर से टोकाटोकी भी हुई। इसी बीच राजद के वरिष्ठ सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी ने टिप्पणी की कि विजेंद्र यादव भी कभी राजद से जुड़े रहे हैं। इस पर विजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि वे कभी राजद से नहीं जुड़े। उन्होंने कहा कि वर्ष 1990 के विधानसभा चुनाव में वे जनता दल के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। साथ ही उन्होंने सिद्दीकी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उस चुनाव में सिद्दीकी हार गए थे।

सदन में दोनों नेताओं के बीच हल्की नोकझोंक के बीच बहस जारी रही, जिससे माहौल में राजनीतिक तीखापन के साथ हास्य का रंग भी देखने को मिला।-----

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी