सहयोग शिविर गरीबों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम : विजय कुमार चौधरी
पटना, 02 जून (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं पटना जिला के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी मंगलवार को नौबतपुर प्रखंड की खजूरी पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित सहयोग शिविर में भाग लिया और स्थानीय लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर एक जनोपयोगी कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी पंचायत में ही समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम गरीबों, वंचितों और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पटना जिला प्रशासन सरकार की जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर उतारने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में गरीबों और जरूरतमंदों की शिकायतों के समयबद्ध निवारण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे। ‘जीविका’ मॉडल, बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम और बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम जैसी योजनाओं ने आम लोगों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन पहलों के सकारात्मक परिणाम आज राज्य के विकास और सामाजिक परिवर्तन के रूप में दिखाई दे रहे हैं।
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी बढ़ती भागीदारी पूर्ववर्ती सरकार की नीतियों की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजग सरकार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में इन्हीं जनहितकारी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आज सरकार और प्रशासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग, विशेषकर महिलाएं, शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर रही हैं। साथ ही वे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी साझा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से लोगों का सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है, जिससे उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है। सरकार के इस प्रयास को जनता का व्यापक सहयोग मिल रहा है, जिसके लिए उन्होंने आम लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनोपयोगी काउंटरों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन संबंधी फीडबैक भी लिया।
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक, स्वीकृति पत्र एवं अन्य दस्तावेज वितरित किए गए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, बासगीत पर्चा, यूनिक डिसएबिलिटी कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, राशन कार्ड, बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण योजना के अंतर्गत श्रम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल थीं।
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास भी किया गया। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकार और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास और अधिक मजबूत होगा।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी