बिहार : शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने दिए अहम निर्देश
पटना, 21 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के उप मुख्यमंत्री-सह-शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ विभागीय सभागार में समीक्षा बैठक कर शिक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण एवं सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों को स्थानांतरण और पदस्थापन में सुविधा दी जाए, लेकिन इसके साथ ही विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता पर किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना सरकार का सर्वोच्च लक्ष्य है। सभी नीतियां, तकनीक और प्रशिक्षण मॉड्यूल इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को मानसिक रूप से संतुलित और संतुष्ट रखना जरूरी है, ताकि वे बेहतर ढंग से शिक्षण कार्य कर सकें।
विजय कुमार चौधरी ने निर्देश दिया कि शिक्षक पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा विद्यालय में निर्धारित समय तक उनकी उपस्थिति सुनिश्चित हो। उन्होंने शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
स्थानांतरण और पदस्थापन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित सॉफ्टवेयर प्रणाली को और बेहतर किया जाए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने शिक्षकों की बहाली के बाद उनके प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उनके अनुसार, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से ही बच्चों के शैक्षणिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। साथ ही उन्होंने गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ चल रहे शैक्षणिक कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कक्षा-कक्ष अवलोकन, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों की निरंतर समीक्षा पर बल देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के बाद शिक्षा की गुणवत्ता में हुए सुधार का आकलन भी जरूरी है। उन्होंने अंत में दोहराया कि पूरी शैक्षणिक प्रक्रिया का अंतिम उद्देश्य बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है और इसी दिशा में सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
बैठक में शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) मनोरंजन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी