जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने विभिन्न क्षेत्रों से आए 56 लोगों से मुलाकात की
पटना, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने शुक्रवार काे समाहरणालय में आम जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया । उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए 56 (छप्पन) लोगों से मुलाकात की तथा उनके मामलों को विस्तार से सुना। आगंतुकों द्वारा दिए गए आवेदन पत्र के आलोक में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए मामलों को विधिवत निष्पादित करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने अनेक मामलों में संबंधित पदाधिकारियों से फाेन पर सम्पर्क कर ऑन-स्पॉट समाधान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ (Ease of living) के तहत नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाईयों को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाने के लिए पटना जिलांतर्गत विभिन्न कार्यालयों में पदाधिकारियों द्वारा आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि समस्याओं का केवल निष्पादन पर्याप्त नहीं है। आम जनता की संतुष्टि सर्वाेपरि है,जो भी आवेदन प्राप्त हुआ है उसमें दिए गए मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए जनता की शिकायतों का शत-प्रतिशत निवारण करें।
आवेदक जगलाल पासवान, सम्पतचक, पटना ने असामाजिक तत्वों द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने के संबंध में आवेदन दिया। जिलाधिकारी द्वारा अंचल अधिकारी, सम्पतचक को त्वरित गति से विधिवत कार्रवाई कर परिवाद का निवारण करने का निदेश दिया गया।
आवेदक श्री विमल कुमार उपाध्याय, जक्कनपुर, पटना द्वारा अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन समर्पित किया गया।
जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी, पटना सदर एवं थानाध्यक्ष, जक्कनपुर को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए परिवाद का शीघ्र निवारण करने का निदेश दिया।
आवेदक श्री भूषण राय, मनेर, पटना द्वारा जमाबंदी रद्द वाद में शीघ्र आदेश देने और भू-माफिया पर प्राथमिकी दर्ज करने के संबंध में आवेदन दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा अपर समाहर्ता, पटना को नियमानुसार त्वरित गति से कार्रवाई करते हुए मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया गया।
आवेदक श्री केशव मेहता, रामपुर नहर रोड, पटना ने भू-माफिया द्वारा जमीन पर किए गए अवैध कब्जा को हटाने के संबंध में आवेदन दिया।
जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सिटी को त्वरित गति से विधिवत कार्रवाई करने तथा मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया।
आवेदक श्री शिवनाथ सिंह, नौबतपुर, पटना द्वारा राजस्व एवं भूमि सुधार से संबंधित आवेदन समर्पित किया गया। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी, नौबतपुर, पटना को विधिवत रूप से कार्रवाई करते हुए मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगंतुकों ने अपनी समस्याओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया है। जिला प्रशासन द्वारा इन सब सुझावों पर जनहित में विचार किया जा रहा है एवं आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी