जमुई की घटना के दोषियों को मिलेगी कठोर सजा, सरकार ने की त्वरित कार्रवाई : विजय कुमार चाैधरी
पटना, 22 सितंबर (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चाैधरी ने जमुई की घटना को घृणित अपराध बताते हुए कहा है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। सरकार ने इस मामले में तत्परता और पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की है। पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें कठोरतम सजा का प्रावधान है।
पार्टी कार्यालय मंगलवार काे पत्रकाराें से बातचीत में उन्होंने कहा कि घटना में अलग-अलग स्तर पर जिन लोगों की भूमिका रही है, चाहे घटना को अंजाम देने वाले हों, वीडियो बनाने वाले हों या उसे वायरल करने वाले, सभी के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आज चुनाव आयोग ने विधान परिषद चुनाव की घोषणा की गई है। हमारा गठबंधन एनडीए आपसी सहमति और पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगा और सभी आठ सीटों पर एनडीए उम्मीदवार जीत दर्ज करेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुए जीविका कार्यकम के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पूरे बिहार को इस उपलब्धि पर गर्व है। जीविका दीदियों ने इस कार्यक्रम की पहचान प्रदेश और देश में बनाई है तथा दूसरे राज्यों में भी इसका अनुसरण और अनुकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जीविका के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस अभियान ने ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक स्वावलंबन के नए द्वार खोलने का काम किया है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी