हत्याकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, 4 अभियुक्त गिरफ्तार

 




सारण, 20 जुलाई (हि.स.)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बीते 28 जून की रात हुई पंकज राय हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है।

मामले का खुलासा करते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एक के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने घटना में शामिल चार मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 28 जून की रात्रि शादी समारोह से लौटते समय ग्राम मिथवलिया के समीप बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने पंकज राय और मनीष राय पर अंधाधुंध फायरिंग कर जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना में पंकज राय की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 464/26 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।

अनुसंधान के क्रम में एसआईटी ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेकर कार्रवाई की।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य शूटर नंदन उर्फ करीमन, रैकी व लाइनर का काम करने वाला निखिल कुमार, बाइक चालक कुंदन कुमार तथा एक अन्य लाइनर अंकित कुमार शामिल हैं। ये सभी अभियुक्त मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।

अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद कर फॉरेंसिक व एफ एस एल जांच के लिए भेजा गया है।

एसएसपी ने बताया कि इस हत्या के तार पूर्व में दर्ज कांड संख्या 336/24 अधिवक्ता पिता पुत्र दोहरे हत्याकांड से जुड़े प्रतीत होते हैं। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी जारी है।

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि इस उद्वेदन कांड में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार