पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की जयंती तथा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लहटन चौधरी की पुण्यतिथि मनाई गई

 


पटना, 02 सितंबर (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. दारोगा प्रसाद राय की 104 वीं जयंती तथा प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष स्व. लहटन चौधरी की 23 वीं पुण्यतिथि बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाक़त आश्रम में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने की।

इस अवसर पर बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम सहित अन्य नेताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि स्व. दारोगा प्रसाद राय ने बिहार की राजनीति में सामाजिक न्याय, गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के हितों को मजबूती से आवाज दी। उनका संपूर्ण राजनीतिक जीवन जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि स्व. दारोगा प्रसाद राय के विचार आज भी बिहार के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि स्व. लहटन चौधरी ने बिहार प्रदेश कांग्रेस को मजबूत करने और संगठन को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांग्रेस के प्रति उनकी निष्ठा, संघर्षशीलता और संगठनात्मक क्षमता सदैव कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देती रहेगी।

इस अवसर पर बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारू, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, डा संजय यादव, पंकज यादव, वैद्यनाथ शर्मा सहित अन्य ने माल्यार्पण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त