क्या 2030 आ गया?: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम का भाजपा-जदयू पर हमला

 


पटना, 05 मार्च (हि.स.)।

बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने भाजपा और जदयू पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि जिन नेताओं ने “2025 से 2030, फिर से नीतीश” का नारा दिया था, वे अब 2026 में ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने की साजिश रच रहे हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा और जदयू के नेताओं-कार्यकर्ताओं से सवाल किया कि क्या 2030 आ गया है?

राजेश राम ने अपने बयान में कहा, “मैं भाजपा और जदयू के नेताओं-कार्यकर्ताओं तथा बिहार के मतदाताओं से पूछना चाहता हूं कि ‘25 से 30, फिर से नीतीश’ के नारे का क्या हुआ? क्या 2030 आ गया?”

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में एक चुने हुए मुख्यमंत्री को जबरदस्ती और षड्यंत्र के तहत सत्ता से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यह साजिश भाजपा और जदयू के कुछ नेताओं ने मिलकर रची है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ किया गया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और आरएसएस को यह पता था कि उनके नाम पर बिहार में वोट नहीं मिलेगा। इसलिए उन्होंने नीतीश कुमार के नाम पर चुनाव जीतने के बाद उन्हें हटाकर बिहार की सत्ता पर कब्जा करने की रणनीति बनाई।

उन्होंने कहा कि यह कदम बिहार के करोड़ों मतदाताओं और जदयू कार्यकर्ताओं की भावनाओं के साथ धोखा है और जनमत की हत्या के समान है।

राजेश राम ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले नीतीश कुमार को किनारे किया है और आगे चलकर जदयू को भी खत्म करने की योजना बना सकती है।

राजेश राम ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से परे वह व्यक्तिगत तौर पर मुख्यमंत्री के साथ हो रहे इस घटनाक्रम से मर्माहत हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें नीतीश कुमार के साथ काम करने का भी अवसर मिला है और मौजूदा घटनाक्रम बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से उत्पन्न ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के कारण बिहार का राजनीतिक माहौल अस्थिर हो गया है और राज्य की आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त