एआई समिट में गिरफ्तार श्रीकृष्ण हरि और कुंदन यादव के परिजनों से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम
पटना, 23 फ़रवरी (हि.स.)। भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस के नेता सारण के सोनपुर निवासी श्रीकृष्ण हरि और वैशाली जिले के महुआ निवासी कुंदन कुमार के परिजनों से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने साेमवार काे मुलाकात की और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में अराजक माहौल है और ऐसे में जो देश के हितों की युवाओं के पक्ष में बात कर रहा है उसे सरकार विरोधी करार दिया जा रहा है, जबकि देश में जो माहौल वर्तमान में भाजपा सरकार ने बना रखा है उसके खिलाफ युवा कांग्रेस के साथियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आवाज बुलंद करने की जो पहल की है उसके लिए उनके हिम्मत को सलाम करता हूं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की भलाई चाही है और देश के विकास के लिए हमने कुर्बानी देने का काम किया है। आगे भी हमारी परम्परा के अनुरूप हम देश की बर्बादी करने वालों के खिलाफ संघर्ष करते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त