पटना एम्स को जल्द मिलेगी 24 एकड़ भूमि, बर्न मरीजों के लिए बनाई जाएगी स्किन स्टोरेज सुविधा : मुख्यमंत्री
-मुख्यमंत्री ने पटना एम्स का किया निरीक्षण, विस्तार के लिए 24 एकड़ भूमि और फोरलेन सड़क का दिया आश्वासन
पटना, 05 जुलाई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा अधोसंरचना और संस्थान के विस्तार से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एम्स के विस्तार के लिए 24 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने तथा पटना एम्स से नाथूपुर तक फोरलेन सड़क निर्माण में राज्य सरकार की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिरिक्त भूमि उपलब्ध होने से एम्स में करीब 200 नए बेड जोड़े जा सकेंगे, जिससे मरीजों के उपचार की क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संस्थान के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना एम्स से नाथूपुर तक फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए आवश्यक समन्वय और सहयोग भी राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। उनके अनुसार सड़क बनने से मरीजों, परिजनों और आम लोगों के लिए अस्पताल तक पहुंच आसान होगी तथा यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा।
उन्होंने बर्न मरीजों के उपचार को और प्रभावी बनाने के लिए स्किन स्टोरेज (त्वचा भंडारण) की आधुनिक व्यवस्था विकसित करने में भी राज्य सरकार की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इससे गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बर्न वार्ड का दौरा कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
एम्स परिसर में स्थित तालाब का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसके जीर्णोद्धार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब को पर्यटन एवं आकर्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ परिसर की सुंदरता में भी वृद्धि हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा पटना एम्स के विकास से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान करेगी।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी