डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद और बलिदान से मिलती है प्रेरणा : सम्राट चौधरी

 




पटना, 23 जून (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) पर मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का राष्ट्रहित, अखंड भारत और सांस्कृतिक स्वाभिमान के प्रति समर्पित जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित कर दिया। उनकी राष्ट्रसेवा, वैचारिक दृढ़ता और बलिदान को देश सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने कहा कि पंडित चाणक्य के बाद यदि किसी नेता ने देश को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास किया, तो उनमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का नाम प्रमुखता से लिया जाता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ और बाद में भाजपा की कई पीढ़ियों तक एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का नारा संगठन की विचारधारा का प्रमुख आधार रहा। यह नारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया था और इसके लिए उन्होंने संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में जब लोकतंत्र संकट के दौर से गुजर रहा था, तब जनसंघ के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए अपने राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर काम किया। उन्होंने कहा कि बाद में वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ और संगठन ने लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रहित के मुद्दों को आगे बढ़ाया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को और सशक्त किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को मजबूत जनादेश दिया, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है, उसके बाद व्यक्ति और फिर पार्टी का स्थान आता है। उन्होंने भाजपा की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1984 में पार्टी के लोकसभा में केवल दो सांसद थे, जबकि वर्ष 2014 में भाजपा 282 सांसदों के साथ देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी।

कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि अगले वर्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके नाम पर एक भव्य नए पार्क का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रनिर्माण में योगदान और उनके आदर्शों को समर्पित होगा।

इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे तथा सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी