मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुना ‘मन की बात’, प्रधानमंत्री के संदेश को बताया प्रेरणादायी
पटना, 27 सितंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘नेक संवाद’ सभागार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का लाइव प्रसारण सुना। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के देशवासियों के साथ संवाद और विभिन्न सामाजिक विषयों पर दिए गए संदेशों को सुना।
‘मन की बात’ के प्रसारण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम लगातार देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक और प्रेरणादायी कार्यों को सामने लाते हैं। उनके विचारों से बिहार सहित पूरे देश के लोगों को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उठाए गए सामाजिक सरोकारों से लोगों को अपने स्तर पर देश और समाज के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ, श्रद्धेय अशोक सिंहल की जन्म शताब्दी, जनगणना में जनभागीदारी, विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने नशामुक्त युवा अभियान, ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, आंवला आधारित रोजगार, महिला सशक्तीकरण और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर भी देशवासियों से संवाद किया।--------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी