मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सासाराम बाईपास का किया लोकार्पण, ‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान शुरू
सासाराम, 06 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के सासाराम में बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर रेल ओवर ब्रिज (आरओबी)/पुल सहित निर्मित दो-लेन सासाराम बाईपास पथ का लोकार्पण किया। 122.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस बाईपास के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत सासाराम बाईपास के समीप जीर्णोद्धार किए गए पोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर के जीर्णोद्धार, साफ-सफाई और जल संरक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को जलस्रोतों के बेहतर रखरखाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत ‘रोहतास जल संजीवनी’ का शुभारंभ किया। अभियान का उद्देश्य जिले के तालाबों, पोखरों, जलाशयों और अन्य जलस्रोतों का जीर्णोद्धार, साफ-सफाई तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना है, ताकि वर्षा जल का अधिक से अधिक संग्रहण और संरक्षण किया जा सके। इसके तहत जिले के पारंपरिक और महत्वपूर्ण जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिले के जलस्रोतों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तालाबों, पोखरों और जलाशयों को अतिक्रमण एवं प्रदूषण से मुक्त रखने के साथ इनके संरक्षण में स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए। जलस्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन से वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, राज्य की कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा समेत अन्य वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी