मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार के पैरा एथलीट को किया सम्मानित
- सोमन राणा को 30 और झंडू कुमार को 15 लाख रुपये
पटना, 29 अगस्त (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले राज्य के पैरा एथलीट खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुष एफ-57 शॉट पुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के खिलाड़ी सोमन राणा को 30 लाख रुपये तथा पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक हासिल करने वाले झंडू कुमार को 15 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर राष्ट्रमंडल खेलों में उनके अनुभवों की जानकारी ली और शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का गौरव बढ़ाया है, बल्कि बिहार को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को सम्मानित करना सरकार और बिहारवासियों के लिए गौरव की बात है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों की उपलब्धियां बिहार के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए पदक जीतने के लिए प्रेरित करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और सम्मान दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी