मुख्य सचिव ने वर्ष 2026 के मानसून पूर्वानुमान और तापमान की प्रवृत्तियों पर ली विस्तृत जानकारी, दिये निर्देश
पटना, 27 अप्रैल (हि.स.)। बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने आगामी मानसून और वर्तमान 'हीट वेव' (लू) की स्थिति को लेकर साेमवार काे एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग में की। बैठक में योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत 'बिहार मौसम सेवा केंद्र' (बीएमएसके) द्वारा वर्ष 2026 के मानसून पूर्वानुमान और तापमान की प्रवृत्तियों पर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
समीक्षा के दौरान मौसम सेवा केंद्र ने बताया कि 1 मार्च से 27 अप्रैल 2026 के बीच राज्य के विभिन्न अंचलों में तापमान में भारी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। सर्वाधिक तापमान काे देखा जाये ताे दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य जोन में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। वर्तमान स्थिति में आज यानि 27 अप्रैल को शाम 4:00 बजे तक राज्य के कई हिस्सों में पारा उच्च स्तर पर रिकॉर्ड किया गया।
मौसम सेवा केंद्र के अनुसार 27 अप्रैल से 05 मई 2026 तक के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।
कम वर्षा की संभावना
विभिन्न अंचलों में दैनिक तापमान की गहन निगरानी की जा रही है।
बैठक में 'दक्षिण-पश्चिम मानसून 2026' को लेकर चिंताजनक आंकड़े साझा किए गए है।आकड़ाें के अनुसार कम वर्षा की संभावना है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुमान के अनुसार, इस वर्ष जून और जुलाई के महीनों में 'सामान्य से कम' वर्षा होने की संभावना है। अगस्त-सितंबर में मानसून के उत्तरार्ध में स्थिति में सुधार की उम्मीद है, लेकिन शुरुआती महीनों में बारिश की कमी कृषि और जल संचयन के लिए चुनौती बन सकती है। उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों को छोड़कर राज्य के मध्य और पश्चिमी भागों में वर्षा की कमी अधिक देखी जा सकती है।
मुख्य सचिव ने जारी किये निर्देश
पूर्वानुमान और बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए पेयजल की उपलब्धता की तैयारी करने काे कहा है। हीट वेव और कम बारिश की स्थिति में भू-जल स्तर गिरने की संभावना को देखते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को सभी चापाकलों और नल-जल योजनाओं की चालू स्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को किया अलर्ट
लू से होने वाली बीमारियों और 'सनस्ट्रोक' के मामलों से निपटने के लिए सभी अस्पतालों में विशेष वार्ड और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रखने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे लगातार सिवल सर्जिन के साथ बैठक करें |
जन-जागरूकता और नियमित मॉनिटरिंग
मुख्य सचिव ने बिहार मौसम सेवा केंद्र के ' बीएमएसके' ऐप और अन्य माध्यमों से किसानों और आम जनता तक सटीक मौसम पूर्वानुमान पहुँचाने के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्देश है। मुख्य सचिव ने कहा कि अगले एक सप्ताह (27 अप्रैल से 05 मई) तक तापमान और बारिश के पैटर्न पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति के लिए आपदा प्रबंधन विभाग को तैयार रखा जाए।
निर्बाध बिजली आपूर्ति
मुख्य सचिव ने कहा गर्मी के कारण बढ़ते लोड के बावजूद राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से जलापूर्ति योजनाओं (नल-जल) के पंप चलाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर बिजली दी जाए। लू के दौरान ट्रांसफार्मर जलने या तार टूटने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हेतु हर प्रमंडल में विशेष 'क्विक रिस्पांस टीम' तैनात की जाए। तकनीकी खराबी को न्यूनतम समय में ठीक करने का लक्ष्य रखें।
पशुधन सुरक्षा और चिकित्सा
लू की स्थिति में पशुओं को 'हीट स्ट्रोक' से बचाने के लिए सभी पशु चिकित्सालयों में जीवन रक्षक दवाओं और ओआरएस का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए। पशुओं के पीने के पानी के लिए सार्वजनिक हौदों और तालाबों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करें। जहाँ आवश्यकता हो, वहां टैंकरों के माध्यम से पशुओं के लिए पानी पहुँचाया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी