भाजपा का परिवार जितना बढ़ेगा, राष्ट्र निर्माण की ताकत उतनी बढ़ेगी : संजय सरावगी
पटना, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े कई प्रमुख नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए उनका स्वागत किया।
मिलन समारोह में समस्तीपुर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं युवा उद्यमी चेतना झाम , फतुहा की प्रमुख श्रुति श्री, वीआईपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद मधुकर यादव सहित कई प्रमुख नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का परिवार लगातार विस्तारित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। अनेक देशों द्वारा उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।
भाजपा की राष्ट्रहित, विकास और सुशासन की नीतियों के कारण आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
संजय सरावगी ने सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि चेतना झाम, श्रुति श्री, आनंद मधुकर यादव एवं उनके साथ आए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नए साथी पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर चलने वाला एक विशाल परिवार है। इसी विचारधारा से प्रभावित होकर समाज के हर वर्ग के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा भाजपा बिहार में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का परिवार जितना बढ़ेगा, राष्ट्र निर्माण की ताकत उतनी बढ़ेगी।
मिलन समारोह में प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर, प्रदेश महामंत्री राजेश झा (राजू), किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, समस्तीपुर भाजपा जिला अध्यक्ष नीलम सहनी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त