राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य : संजय सरावगी

 






पटना, 12 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता के संदेश से सराबोर दरभंगा की धरती पर बुधवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा नगर के विधायक संजय सरावगी ने कर्पूरी चौक स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद वे कर्पूरी चौक से लहेरियासराय टॉवर तक आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय के नारों के साथ हजारों छात्र, युवा और राष्ट्रप्रेमी इस यात्रा का हिस्सा बने।

इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र, पूर्व मंत्री सह विधान परिषद सदस्य हरि सहनी, विधायक मुरारी मोहन झा सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में राष्ट्रप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता, एकता और अखंडता के लिए दिए गए अनगिनत बलिदानों की गौरवगाथा है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक भारतीय के भीतर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का अभियान है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों और महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को देश कभी भुला नहीं सकता। नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।

यात्रा के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

संजय सरावगी ने कहा कि बिहार की धरती सदैव राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता की मजबूत धरती रही है। दरभंगा की यह तिरंगा यात्रा समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने वाली यात्रा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराएं और राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान एवं समर्पण को प्रदर्शित करें।

कर्पूरी चौक से लहेरियासराय टॉवर तक निकली इस भव्य यात्रा ने दरभंगा की धरती पर देश की एकता, अखंडता और गौरव का सशक्त संदेश दिया। हजारों लोगों की सहभागिता ने आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया। हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा यही राष्ट्र के प्रति हमारा संकल्प और समर्पण है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त