वन डिस्ट्रिक्ट वन अपराधी नहीं, अब वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट का दौर: प्रीति शेखर
पटना, 19 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार की प्रवक्ता डॉ. प्रीति शेखर ने मंगलवार को विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए जाने पर पलटवार किया है।
उन्होंने कहा कि अब बिहार में उनके माता-पिता के शासनकाल जैसा जंगलराज नहीं है, बल्कि डबल इंजन की सुशासन वाली सरकार है जहाँ अपराध और अपराधियों के लिए किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाती।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को यह समझ लेना चाहिए कि अब बिहार बदल चुका है। यह वह दौर नहीं रहा जब अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला हुआ करता था। अब अपराध करने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाती है और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाता।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। यदि कोई अपराधी कानून व्यवस्था को चुनौती देता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार में आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं और बेटियां, सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन करें।
उन्होंने कहा कि पहले बिहार की पहचान “वन डिस्ट्रिक्ट वन अपराधी” और “वन माफिया” से होती थी लेकिन अब “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” का दौर है। राज्य सरकार बिहार को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों में कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिहार की जनता को सुरक्षित और विकसित बिहार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को जब सदन में बोलना होता है तो वे गायब हो जाते हैं , सैर - सपाटे के लिए विदेश भ्रमण पर चले जाते हैं और बिहार वापस आते ही जनता को दिग्भ्रमित करने की कोशिश और ज्ञान बाँचने में लग जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त