प्रधानमंत्री का 'मन की बात' लोगों में कर्तव्य-बोध, देशभक्ति और सकारात्मक सोच को सुदृढ़ करता है: संजय सरावगी
-पटना में भाजपा नेताओं ने सुना ‘मन की बात’
पटना, 26 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के गोलघर मंडल अंतर्गत बूथ संख्या 113 स्थित बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) सभागार में आम लोगों और पार्टी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 133वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक बीआईए हॉल में जुटे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। ‘मन की बात’ के इस संस्करण में प्रधानमंत्री ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा, जनगणना और राष्ट्रनिर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों में कर्तव्यबोध, राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच को सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक संवाद नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणा देने वाला माध्यम है, जो हर नागरिक को नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यही कारण है कि इस प्रेरणादायक कार्यक्रम के श्रोताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और लोग इसे गंभीरता से सुनते हैं।
संजय सरावगी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में गणित ओलंपियाड का उल्लेख कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इससे शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही प्रधानमंत्री ने उत्तर-पूर्व भारत में बांस उद्योग की चर्चा करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन के नए अवसरों को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तर-पूर्व को भारत की ‘अष्टलक्ष्मी’ बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र न केवल प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है, बल्कि यहां अपार प्रतिभा और अवसर भी मौजूद हैं। पहले बांस को केवल एक साधारण संसाधन या बोझ माना जाता था, लेकिन आज यही बांस लाखों लोगों की आजीविका और रोजगार का मजबूत आधार बन चुका है।
विशेष रूप से उत्तर-पूर्व के राज्यों में बांस आधारित उद्योग तेजी से विकसित हो रहे हैं, जहां नवाचार के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और आय के स्थायी साधन प्राप्त करने में मदद मिल रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र (रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर) में भारत की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और इसे राष्ट्र की सामूहिक इच्छाशक्ति तथा स्थायी भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने नागरिक परमाणु कार्यक्रम (सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम) की चर्चा करते हुए बताया कि इससे कृषि क्षेत्र से लेकर आधुनिक नवाचारों तक कई क्षेत्रों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने देशवासियों से वर्ष 2027 की जनगणना को सफल बनाने की अपील भी की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना होगी और इसे केवल सरकारी काम न मानकर हर नागरिक की जिम्मेदारी के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने गौतम बुद्ध के शांति संदेशों का भी उल्लेख किया। साथ ही कच्छ के रण में फ्लेमिंगो (राजहंस) पक्षियों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास की चर्चा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर सांसद शिवेश राम, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलु, मुकेश नंदन, शिशिर कुमार, रितु रागनी, सुमित शशांक, प्रिंस राज, मनीष कुमार सहित प्रदेश भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त