प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुशासन से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता भाजपा का दामन थाम रहे : डॉ प्रमोद कुमार

 


पटना, 18 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित मिलन समारोह में जन सुराज के कई नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुशासन एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता लगातार भाजपा का दामन थाम रहे हैं।

डॉ प्रमोद कुमार ने कहा कि जन सुराज के अधिकांश नेता अब भाजपा से जुड़ रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि जनता का विश्वास भाजपा और एनडीए के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। जिस प्रकार पिछले विधानसभा चुनाव में जन सुराज को जनता ने नकार दिया था, उसी प्रकार इस बार भी बांकीपुर में उनके उम्मीदवार की जमानत जब्त होना तय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त करेंगे।

प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा के प्रति समाज के हर वर्ग का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर चलने वाला संगठन है। पार्टी की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति, सेवा भाव और विकास की राजनीति से प्रेरित होकर लोग स्वेच्छा से भाजपा से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने नए सदस्यों से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से पार्टी और अधिक मजबूत होगी तथा बांकीपुर उपचुनाव सहित आगामी चुनावों में भाजपा को और बड़ी सफलता मिलेगी। मिलन समारोह में प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार, कुंतल कृष्ण एवं संगीता सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि आज समारोह में जन सुराज के नेता अविनाश प्रताप रूड़ी, जिला पार्षद रूबी गुप्ता, रूबी सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। बिहार सरकार के मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद चंद्रवंशी ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए उनका स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त