भारतीय जनता पार्टी अति पिछड़ा प्रकोष्ठ ने कांग्रेस के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन
पटना, 22 फ़रवरी (हि.स.)। विश्व के विभिन्न देशों के राष्ट्र प्रतिनिधियों की उपस्थिति में भारत में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के विरोध में युवा कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसके विरोध में पूरे बिहार भारतीय जनता पार्टी अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के द्वारा कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन एवं राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया।
पटना में संयोजक, बीजेपी अति पिछड़ा प्रकोष्ठ, बिहार प्रमोद सिंह चंद्रवंशी के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो इनकम टैक्स गोलंबर तक पहुंचा। वहां कांग्रेस के खिलाफ आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया।
श्री चंद्रवंशी ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट पर गर्व कर रहा है, तब कांग्रेस द्वारा इसका विरोध करना राष्ट्रहित के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में विश्वभर से आए मेहमानों का सम्मान करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है, किंतु कांग्रेस नेताओं ने अपने व्यवहार से देश की छवि को ठेस पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सुधार संभव है। एआई के माध्यम से हम अपनी सांस्कृतिक विरासत, पौराणिक इतिहास एवं भारतीय मूल्यों को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकते हैं तथा आधुनिक व्यवस्था के साथ अपनी संस्कृति को आत्मसात कर देश को और अधिक सशक्त बना सकते हैं।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से यूपी शर्मा, सह संयोजक संतोष पटेल, शिवपूजन राम, संजय चौहान, विनीता देवी, संजय निषाद, गौरव सिंह चंद्रवंशी, कमलेश चंद्रवंशी, कुमारी पूजा, बिनोद चंद्रवंशी, मुन्ना सिंह चंद्रवंशी संजय गुप्ता ,रमन सिंह चंद्रवंशी ,मुकेश मंडल ,भावना शर्मा, धर्मेंद्र सिंह चंद्रवंशी एवं शशि सिंह चंद्रवंशी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त