बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर बिहार भाजपा प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक समारोह आयोजित करेगी: लखेन्द्र पासवान
पटना, 12 अप्रैल (हि.स.)। बिहार सरकार में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र पासवान ने आज कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर बिहार भाजपा प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक जयंती समारोह आयोजित करेगी और बाबा साहेब की जयंती मनाएगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए बिहार के मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि 14 अप्रैल को प्रदेश कार्यालय में भव्य तरीके से बाबा साहेब की जयंती मनाई जाएगी। जयंती की पूर्व संध्या पर यानी 13 अप्रैल की शाम को बाबा साहेब के प्रतिमा स्थलों को सजाया जाएगा और दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समारोह जिला, मंडल समिति द्वारा भी मनाया जाएगा।
इसके तहत संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर भी विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा जबकि स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को बापू सभागार में भी विभाग द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम में अंबेडकर छात्रावास की छात्राएं शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के मौके पर 20 दिनों तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस ने बराबर अपमानित और प्रताड़ित किया।
कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराने के लिए कार्य किया लेकिन वही पार्टी चुनाव के समय बाबा साहेब की तस्वीर लेकर खड़ी हो जाती है और खुद को उनका अनुयायी दिखाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब को भारत रत्न से तब सम्मानित किया गया जब भाजपा के समर्थन की सरकार थी। जब भाजपा की सरकार बनी तो संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के निधन पर भी कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया ।
बिहार के मंत्री ने कहा कि जो पार्टी बाबा साहेब की नहीं हो सकती, वह बिहार और देश के एससी, एसटी और गरीब समाज के क्या होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाबा साहेब के मान-सम्मान के लिए लगातार काम किया है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का सपना गरीब समाज को जोड़ने का था। आज एनडीए की सरकार में निरंतर एससी, एसटी समाज के लोगों को शिक्षा से लगातार जोड़ा जा रहा है। उन्होंने इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में मैट्रिक के परीक्षा परिणाम जारी किए गए हैं। इस बार अंबेडकर आवासीय विद्यालय के 95 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। अंबेडकर आवासीय विद्यालय, गायघाट के सभी बच्चे 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी से पास हुए।। इसे उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।
इस प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर, अनामिका पासवान, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलु, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मनोज चौधरी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त