भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र उपचुनाव के लिए एनडीए प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद ने भरा नामांकन

 


पटना, 20 अप्रैल (हि.स.)। भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र उपचुनाव के तहत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित जनता दल यूनाईटेड (जदयू) उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद ने अपना नामांकन पर्चा आज दाखिल किया।

इस अवसर पर आरा के रामलीला मैदान में भव्य नामांकन सभा का आयोजन किया गया।सभा को संबोधित करते हुए जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने क्षेत्र के मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र की जनता ने सातों सीटें एनडीए की झोली में डालकर इतिहास रचा था और अब एक बार फिर इतिहास दोहराने का समय है।

प्रदेश अध्यक्ष ने राजग के सभी घटक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि कन्हैया प्रसाद की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करनी है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पंचायत राज व्यवस्था को सशक्त बनाया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय में वृद्धि सहित उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सम्मान की भावना बढ़ी है।

उन्होंने आगे कहा कि यह समय नए राजनीतिक परिवर्तन का है और आने वाला दौर युवाओं का है। ऐसे में संवेदनशील एवं विकासोन्मुख युवाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं का एक-एक वोट न केवल एक प्रत्याशी की जीत तय करेगा, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान एवं उपेंद्र कुशवाहा के हाथो को भी मजबूती प्रदान करेगा।

मौके हम (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री संतोष कुमार सुमन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधायकगण विजय कुमार सिन्हा, लेसी सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, राधाचरण साह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी