बांकीपुर उपचुनाव : भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार मुलाकात
पटना, 11 जुलाई (हि.स.)। पटना की बांकीपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने शनिवार सुबह पटना स्थित लोकसेवक आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की और आगामी उपचुनाव के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए शुभकामनाएं देते हुए अग्रिम बधाई दी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से पार्टी इस सीट पर शानदार प्रदर्शन करेगी।
बैठक के दौरान बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, चुनावी रणनीति, संगठन की तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
भाजपा नेतृत्व ने चुनाव प्रचार को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीरज कुमार सिन्हा से कहा कि चुनाव केवल एक सीट जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने प्रत्याशी को जनता के बीच लगातार रहने, उनकी समस्याओं को सुनने और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की सलाह दी।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी इस अवसर पर कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बांकीपुर उपचुनाव को प्रतिष्ठा का चुनाव मानकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा। उन्होंने दावा किया कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और पार्टी को सभी वर्गों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी