बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री ने की समीक्षा बैठक, फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने पर दिया ज़ोर
पटना, 22 मई (हि.स.)। बिहार सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कोटे के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम तथा बिहार विरासत विकास समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन देने, फिल्म नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विरासत संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री ने बिहार में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को विस्तार देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के नए और आकर्षक स्थलों की पहचान कर उन्हें फिल्म शूटिंग के लिए चिन्हित किया जाए तथा विभागीय वेबसाइट पर शामिल किया जाए, ताकि बिहार को फिल्म निर्माण के एक प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सके।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने स्वयं भी कई संभावित स्थलों के नाम सुझाए और कहा कि राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने की क्षमता रखती है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कला एवं संस्कृति विभाग की छात्रवृत्ति अथवा सहायता योजनाओं के अंतर्गत फिल्म अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों और लाभार्थियों के साथ विशेष संवाद एवं परिचर्चा आयोजित की जाए।
मंत्री ने कहा कि इन विद्यार्थियों के अनुभव और सुझाव भविष्य की फिल्म शिक्षा एवं नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ विरासत स्थलों के संरक्षण, पर्यटन संभावनाओं के विस्तार और सांस्कृतिक गतिविधियों को अधिक व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी