जेल से रिहा होने के बाद अनंत सिंह का 50 किमी लंबा रोड शो, बोले– साजिश के तहत फंसाया गया

 


पटना, 24 मार्च (हि.स.)। बिहार की मोकामा विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक अनंत सिंह ने जेल से रिहा होने के बाद मंगलवार को शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने करीब 50 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक शामिल हुए।

रोड शो के दौरान मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें एक साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने दावा किया कि घटना के दिन वह घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर थे।

इससे पहले रिहाई के बाद अनंत सिंह अपने समर्थकों के काफिले के साथ मोकामा से बड़हिया के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरे रास्ते समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया और समर्थकों ने नारेबाजी भी की।

बड़हिया रवाना होने से पहले अनंत सिंह ने एक बार फिर साफ किया कि वह आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अब उनके बेटे चुनाव लड़ेंगे और जनता के बीच जाकर काम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह को लेकर कहा कि पार्टी और समर्थकों में जोश बरकरार रहेगा।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था। जेल में रहते हुए ही उन्होंने चुनाव लड़ा और मोकामा के पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को हराकर जीत हासिल की थी।

सोमवार को बेऊर जेल से रिहाई की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक जेल के बाहर जुट गए थे। जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह पटना स्थित अपने आवास पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान समर्थकों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी