बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर बिहार भाजपा का एक सप्ताह तक चलेंगे कार्यक्रम

 




पटना, 24 मार्च (हि.स.)। बिहार भाजपा आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाएगी। इस मौके पर प्रदेश कार्यालय में एक समारोह का आयोजन किया जाएगा तथा जिला से लेकर बूथों तक में जयंती को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बाबा साहेब की जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बिहार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री सह एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लखेन्द्र पासवान, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान भी उपस्थित रहे।

बैठक में 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती को मनाने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई और बैठक में कार्यक्रम को लेकर कार्ययोजना भी बनाई गई।

बैठक में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर एक सप्ताह तक कार्यक्रम आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया।

जयंती जिला और मंडल स्तर के अलावा प्रदेश के सभी 92 हजार बूथों पर मनाने का भी फैसला लिया गया। इसके तहत रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बौद्धिक प्रतियोगिताएं, शोभायात्रा और समाज सेवा के कार्य आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

14 अप्रैल को सुबह प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं और उस स्थल की सफाई का कार्यक्रम चलाया जाएगा।

इस समारोह को सफल बनाने के लिए एससी मोर्चा के कई पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इस जयंती कार्यक्रमों में भाजपा के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।

बैठक में कहा गया कि डॉ. आंबेडकर के विचार समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार व सम्मान दिलाने की प्रेरणा देते हैं। इसलिए उनकी जयंती को व्यापक रूप से मनाना आवश्यक है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त