अब हर शिकायत पर बिहार सरकार की पैनी नजर, लापरवाही पर नपेंगे अफसर
पटना, 21 मई (हि.स.)। आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बड़ी पहल की है। विभागीय जन शिकायत पोर्टल की मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत करते हुए तत्काल प्रभाव से नया मॉनिटरिंग सेल गठित किया गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देश पर राजस्व सेवा के नौ अधिकारियों को इस सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि जन शिकायत पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और परिवादों के समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
दरअसल, जन शिकायत पोर्टल आठ मई 2025 से संचालित है। पूर्व में पोर्टल से जुड़े कई अधिकारियों के अन्यत्र पदस्थापन के कारण शिकायतों के निष्पादन का कार्य प्रभावित हो रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
मॉनिटरिंग सेल में कमल नयन कश्यप, संतोष कुमार चौधरी, मो. एजाज आलम, सक्षम सिंह, धीरज कुमार, विजय कुमार राय, पंकज कुमार झा, मनोज कुमार गुप्ता तथा अनुजा सिन्हा को जिम्मेदारी दी गई है। सभी अधिकारियों को विभागीय आईटी मैनेजर से पासवर्ड प्राप्त कर लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि एनआईसी के माध्यम से तकनीकी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। वहीं विभागीय जन शिकायत पोर्टल के सतत अनुश्रवण के लिए डॉ. सुनील कुमार, उप सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
विभाग का कहना है कि यह पहल विभागीय जवाबदेही बढ़ाने, शिकायतों के त्वरित समाधान और आम नागरिकों को बेहतर राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश