डीएम आवास के बगल स्थित बीपीसीएल पेट्रोल पंप पर तेल खत्म
किशनगंज, 11 अप्रैल (हि.स.)। शहर के धर्मगंज इलाके में स्थित भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के एक पेट्रोल पंप पर शनिवार सुबह से पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
यह पेट्रोल पंप जिलाधिकारी विशाल राज के सरकारी आवास के ठीक बगल में स्थित है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर पेट्रोल की किल्लत होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही पेट्रोल भरवाने के लिए वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गईं, लेकिन पंप पर तेल उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कई वाहन चालकों ने बताया कि वे सुबह अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले थे, लेकिन पेट्रोल न मिलने के कारण उनकी गाड़ियां बीच रास्ते में ही रुक गईं, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले आठ दिनों के अंदर यह दूसरी बार है जब इस पेट्रोल पंप पर तेल की किल्लत हुई है। इससे पहले 3 अप्रैल को भी इसी तरह की स्थिति बनी थी, जब सुबह से पेट्रोल नहीं मिलने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी थी।
उपभोक्ताओं ने जब पंप प्रबंधन से जानकारी ली, तो उन्हें बताया गया कि मशीन का नोजल खराब हो गया है। हालांकि, कई ग्राहकों ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि नोजल खराब होने का हवाला देकर पेट्रोल की कमी को छुपाया जा रहा है। बार-बार हो रही इस समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी विशाल राज ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह