सीमावर्ती युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए मिलेगा प्रशिक्षण, एसएसबी ने शुरू किया पांच दिवसीय अभियान

 




सुपौल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। सीमावर्ती क्षेत्र के युवक-युवतियों को सशस्त्र बलों एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर की ओर से पांच दिवसीय निःशुल्क भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सीमावर्ती क्षेत्र के वाइब्रेंट विलेज लालमणपट्टी, साहेबान, ढाढा, सतना एवं कुनौली के विभिन्न विद्यालयों में किया जा रहा है।

45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से तैयार करना है। इस पहल के माध्यम से युवक-युवतियों को भर्ती प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, भविष्य के लिए बेहतर अवसर तलाशने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। एसएसबी की इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को सुरक्षा बलों में अपना करियर बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं के सशक्तीकरण, नागरिक कल्याण एवं सामाजिक विकास के लिए इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र