जोगबनी सीमा से सटे नेपाल में विस्फोट में दो जख्मी,नेपाल पुलिस जांच में है जुटी
अररिया 01 नवम्बर(हि.स.)। जिले के जोगबनी मुख्य सीमा से सटे नेपाल इलाके में रविवार को संदिग्ध बम विस्फोट में दो लोग जख्मी हो गए।यह धमाका जोगबनी बॉर्डर से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर हुई।जोरदार धमाका से दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्र में हलचल हो गई।घटना रविवार सुबह मोरंग जिला के विराटनगर महानगरपालिका के वार्ड संख्या 15 जूट मिल के पीछे एक खाली स्थान पर हुई।दरअसल उस स्थान पर फैले कचड़े की सफाई की जा रही थी।इसी दौरान विस्फोट हुई।
नेपाल के मोरंग जिला पुलिस के अनुसार, इस विस्फोट में स्थानीय निवासी 40 वर्षीय नजवा खातून और उनके 65 वर्षीय ससुर हैदर अली घायल हो गए।पुलिस ने बताया कि खातून के दोनों हाथों और छाती पर चोटें आई हैं, जबकि अली के बाएं हाथ और दाहिने पैर में चोट लगी है।
घटना की सूचना मिलने पर, रानी एरिया पुलिस कार्यालय के सीनियर सब-इंस्पेक्टर राम प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय केंद्र जीतू मेडिकल अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है कि उक्त स्थान पर बम जैसी सामग्री आई कहां से।पुलिस अगल बगल के सीसीटीवी कैमरे को खंगालने के साथ तकनीकी अनुसंधान का सहारा ले रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर