रक्सौल में नो मेंस लैंड से हटाया गया अतिक्रमण
पूर्वी चंपारण,22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के रक्सौल प्रखंड के पनटोका पंचायत स्थित पनटोका गांव में सीमा से सटे नो मैंस लैंड क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दस गज्जा सीमा भूमि पर बने 6 अवैध आवासीय मकानों को हटवा दिया। यह क्षेत्र भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के अंतर्गत आता है, जहां किसी भी प्रकार का अतिक्रमण सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है।
अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि पहले सीमा क्षेत्र का भौतिक सत्यापन और सीमांकन कराया गया। जांच में पाया गया कि कुछ लोगों ने सीमा के भीतर अवैध रूप से निर्माण कर लिया था। संबंधित व्यक्तियों को पूर्व सूचना और नोटिस देकर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने बलपूर्वक कार्रवाई की। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए।
मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद, अंचलाधिकारी शेखर राज तथा हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान अपने-अपने दल के साथ मौजूद रहे। सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों के साथ-साथ नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के सुरक्षाकर्मियों ने भी संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से पूरे अभियान को शांतिपूर्ण और नियंत्रित ढंग से संपन्न कराया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी नियमित निगरानी की जाएगी और अवैध निर्माण पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार