बीच गंगा नदी में फिर खराब हुई नाव, 75 यात्रियों का एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू
भागलपुर, 19 मई (हि.स.)। भागलपुर में गंगा नदी के बीच धार में मंगलवार को एक बार फिर यात्रियों से भरी नाव खराब हो गई। जिससे नाव पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी आने के कारण नाव का इंजन अचानक बंद हो गया। नाव पर करीब 75 यात्री सवार थे। जबकि 13 मोटरसाइकिल भी उसपर लोड थी। यह नाव महादेवपुर गंगा घाट से बरारी गंगा घाट की ओर आ रही थी। बीच गंगा में नाव बंद होते ही यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित किनारे पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि तीन दिनों के भीतर यह तीसरी घटना है, जब बीच गंगा में नाव खराब हुई है।
उल्लेखनीय है कि विक्रमशिला सेतु का स्लैब टूटने के बाद लोगों के आवागमन का मुख्य सहारा नाव ही बन गया है। ऐसे में लगातार सामने आ रही तकनीकी खराबियों ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर