सारण के 11 सीएचसी में बनेंगे ब्लड स्टोरेज यूनिट

 








सारण, 09 अगस्त (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सात निश्चय तीन के तहत सारण जिले के ग्यारह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से सिजेरियन प्रसव, गंभीर एनीमिया और आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही समय पर रक्त मिल सकेगा।

स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए दिघवारा, मांझी, परसा, अमनौर, एकमा, गड़खा, इसुआपुर, जलालपुर, मशरक, नगरा और रिविलगंज सीएचसी का चयन किया है। इससे पहले मढ़ौरा, सोनपुर, दरियापुर और बनियापुर में यह सुविधा पहले से संचालित है।

वर्तमान में ग्रामीण मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर छपरा सदर अस्पताल या बड़े चिकित्सा संस्थानों का रुख करना पड़ता है। नए केंद्रों के शुरू होने से न केवल सदर अस्पताल पर दबाव कम होगा, बल्कि परिजनों का समय और खर्च भी बचेगा।

जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम अरविंद कुमार ने बताया कि सीएचसी स्तर पर सिजेरियन प्रसव की सुविधा भी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है, जिसके लिए ब्लड स्टोरेज यूनिट एक मजबूत आधार तैयार करेंगे। यह कदम मातृ मृत्यु दर के जोखिम को घटाने और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने में बेहद मददगार साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार