जरूरतमंदों के लिए एसएसबी के जवानों ने किया रक्तदान

 


अररिया 22 जून(हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान न केवल सरहद की सुरक्षा ही करते हैं,बल्कि जरूरत पड़ने पर रक्त देने से भी नहीं हिचकते।रक्त की कमी के बीच जरूरतमंदों के लिए एसएसबी 56 वीं बटालियन के जवानों ने सोमवार को शिविर लगाकर रक्तदान किया।

एसएसबी 56वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में बथनाहा मुख्यालय स्थित चिकित्सालय में सदर अस्पताल द्वारा लगाए गए एकदिवसीय रक्तदान शिविर में दर्जनों एसएसबी के अधिकारी और कार्मिकों ने रक्तदान किया।

इस आयोजन पर कमांडिंग अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी स्वस्थ व्यक्तियों को रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान महादान है। इससे बड़ा कोई दान नहीं, क्योंकि यह किसी का जीवन बचाने का सबसे बड़ा परोपकारी काम है। रक्तदान करके हम किसी जरूरतमंद की जान बचा सकते हैं, उसे नया जीवन दे सकते हैं। यह एक पुण्य का काम है, जिससे दूसरों को खुशी व नया जीवन मिलता है और हमें भी संतोष मिलता है।

द्वितीय कमान अधिकारी ने स्वयं से रक्तदान करने वाले एसएसबी के रक्तवीरों को फल एवं जूस का वितरण किया। रक्तदान शिविर में वाहिनी के कमांडिंग अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता सहित दर्जनों कार्मिकों ने रक्तदान किया।

शिविर में सदर अस्पताल अररिया की मेडिकल टीम से लैब तकनीशियन बादल कुमार साह,मो.इस्माइल, नितेश कुमार, सुनील कुमार गुप्ता, मदन कुमार यादव एवं 56वीं वाहिनी के कमांडिंग अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता,कमांडेंट(चिकित्सा) मनोज बोरा,संयुक्त अस्पताल बथनाहा चिकित्सालय के द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा),डॉ बादल कुमार सिंह,उप कमांडेंट मदन मोहन भट्ट,सहायक कमांडेंट(चिकित्सा)मिस शबाना ,निरीक्षक चंदन कुमार,चंदन कुमार,निहार पांडा तथा वाहिनी चिकित्सालय के अन्य कार्मिक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर