रक्तदान के लिए युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं निशु केसरी,सात बार कर चुके हैं रक्तदान

 


अररिया, 24 फरवरी(हि.स.)।

फारबिसगंज के परवाहा के रहने वाले युवा निशु केशरी युवाओं के बीच रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर जरूरतमंदों के लिए रक्तदान करने को प्रेरित कर रहे हैं। खुद रक्तदान महादान के नारे को चरितार्थ कर निशु केसरी अब तक सात बार रक्तदान कर चुके हैं। हाल ही में अपना 7वां रक्तदान संपन्न किया, जिसके बाद वे न केवल खुद इस सेवा से जुड़े हैं, बल्कि अब गांव-गांव जाकर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।

निशु केसरी का कहना है कि उन्होंने अपना पहला रक्तदान एक परिचित की जान बचाने के लिए किया था। उस दिन उन्हें अहसास हुआ कि हमारे शरीर का थोड़ा सा रक्त किसी परिवार का चिराग बुझने से बचा सकता है। तब से लेकर आज तक जब भी कहीं रक्त की कमी की सूचना मिलती है, निशु बिना किसी संकोच के अस्पताल पहुंच जाते हैं।

अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान को लेकर कमजोरी या बीमारी जैसी गलतफहमियां फैली होती हैं। निशु इन भ्रांतियों को दूर करने के लिए विशेष अभियान चला रहे हैं। वे युवाओं को समझाते हैं कि रक्तदान से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती। नया रक्त बनने से शरीर और भी स्वस्थ रहता है। समाज सेवा के कई तरीके हैं, लेकिन रक्तदान जैसा सुकून कहीं नहीं मिलता। मेरा लक्ष्य है कि मेरे क्षेत्र में खून की कमी से किसी की जान न जाए।

निशु ने युवाओं की एक टोली तैयार की है जो सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लड डोनर्स और जरूरतमंदों के बीच एक सेतु का काम करती है। उनके इस निस्वार्थ प्रयास की सराहना अब पूरे जिले में हो रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने उनके इस जज्बे को सलाम करते हुए उन्हें सम्मानित करने की भी बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर