भागलपुर में रक्तदान शिविर आयोजित
भागलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ जमात अहमदिया के तत्वावधान में रविवार को अहमदिया मस्जिद स्थित मौलाना हसन अली हॉल में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानवता की सेवा और समाज कल्याण के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में स्थानीय बरहपुरा के अलावा भागलपुर, ततारपुर, मुंगेर और तारापुर सहित आसपास के कई क्षेत्रों से रक्तदाता पहुंचे। विशेष रूप से महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में आगे आकर रक्तदान किया और समाज के सामने मानवता की मिसाल पेश की।
शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सभी रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की विधिवत जांच की, जिसके बाद ही रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को संस्था की ओर से प्रशस्ति-पत्र और जलपान देकर सम्मानित किया गया।
जमात के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। शिविर को सफल बनाने में नायब अमीर, डॉ. फहीम अहमद, मो. इम्तियाज़, अब्दुल कय्यूम, सैयद अबू ताहिर, मौलवी अदनान अहमद, मोहम्मद अब्दुल बाक़ी, शेख जुल्फ़ेकार अली, शेख फुरकान अली, सैयद अब्दुन नूर और सैयद अब्दुल नूर सहित अन्य स्वयंसेवकों और चिकित्सकों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर