प्रखंड स्तरीय बैठक में पेंशनधारियों को राहत, निर्बाध नल-जल आपूर्ति पर बड़ा फोकस
कटिहार, 02 अगस्त (हि.स.)। सदर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद, समिति के अध्यक्ष गौतम वर्मा, उपाध्यक्ष रामनारायण चौहान, प्रखंड प्रमुख सोनी सिंह, 20 सूत्री के सभी सदस्यों के साथ-साथ प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। इस बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, आपूर्ति एवं ग्रामीण विकास विभागों की समीक्षा कर उनसे संबंधित योजनाओं के कार्यान्वयन पर विस्तार से परिचर्चा की गई।
बैठक में पूर्व उप मुख्यमंत्री द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। इसके तहत प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों को नल-जल योजना से पेयजल आपूर्ति करने तथा भूमिहीन नव सृजित प्राथमिक विद्यालयों को शीघ्र सरकारी भूमि उपलब्ध कराने के लिए राजस्व पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही भवन रहित आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु कार्यक्रम पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने, आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा विद्युत आपूर्ति के लिए पोल अधिष्ठापन का निर्देश दिया गया। सभी बैंकों में ग्राहक सेवा बेहतर करने तथा केवाईसी के कारण पेंशनधारियों को हो रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए उपस्थित बैंक अधिकारियों को निर्देश देने के साथ आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा नल-जल की आपूर्ति निर्वाध रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान समिति के अन्य सदस्यों द्वारा विभागीय पदाधिकारियों से योजनाओं व कार्यक्रमों की जनोपयोगी जानकारियां प्राप्त करने तथा कार्यों में आ रहे अवरोधों को दूर करने के संबंध में पूछताछ की गई, जिसका उपस्थित अधिकारियों ने तत्काल जवाब देकर सदस्यों को संतुष्ट किया। अंत में, पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य सचिव सह प्रखंड विकास पदाधिकारी को इस बैठक की कार्रवाई का संधारण कर तत्काल सभी सदस्यों को इसकी प्रति उपलब्ध कराने और उसका अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह