प्रखंड बीस सूत्री की बैठक हंगामेदार, पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

 


सुपौल, 21 अगस्त (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित ललित नारायण मिश्र सभा भवन में शुक्रवार को प्रखंड कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक हंगामेदार रही। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष पवन कुमार हजारी ने की, जबकि संचालन बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने किया।

बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं और शिकायतों को लेकर सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष सवाल उठाए। बिजली आपूर्ति, थाना पुलिस की कार्यशैली, मध्याह्न भोजन योजना में कथित अनियमितता, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास परियोजना, बैंक शाखाओं में बिचौलियागिरी, जनवितरण प्रणाली, कृषि फीडर की संचरण लाइन के विस्तार में देरी तथा सड़क किनारे अतिक्रमण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

बीस सूत्री अध्यक्ष पवन कुमार हजारी ने विभागीय पदाधिकारियों की बैठक से अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में सभी विभागों के पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों का संबंधित अधिकारी जवाब दे सकें। उन्होंने थानों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों के प्रति पुलिस का रवैया संतोषजनक नहीं है। खासकर राजेश्वरी थाना क्षेत्र से संबंधित कई शिकायतें मिलती रहती हैं। उन्होंने बीडीओ से बैठक में उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।

बैठक में सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों पर बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि सभी समस्याओं और शिकायतों को संज्ञान में लिया गया है। संबंधित विभागों के माध्यम से इनके निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र