रिविलगंज में भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
सारण, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत रिविलगंज सदर मंडल के टेकनिवास में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रत्याशी धर्मेन्द्र सिंह, कार्यालय मंत्री अर्द्धेन्दु शेखर और मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांतों से अवगत कराया। प्रथम सत्र में प्रो धर्मेन्द्र सिंह ने भाजपा के इतिहास और विकास के बारे में जानकारी दी, जबकि दूसरे सत्र में मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने पार्टी की कार्य पद्धति की विस्तृत जानकारी दी। आधुनिक युग की चुनौतियों को देखते हुए अर्द्धेन्दु शेखर ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया, नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग के गुर सिखाए।
वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि प्रशिक्षण ही संगठन की रीढ़ है और इसी के माध्यम से एक सामान्य कार्यकर्ता कुशल नेतृत्वकर्ता बनता है। कार्यक्रम में विजय सिंह, गामा सिंह, विनोद सिंह, रोहित सिंह और डॉ तारकेश्वर तिवारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार