छपरा में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 16 मई से

 


सारण, 11 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 16 एवं 17 मई को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का आयोजन किया जाएगा। शनिवार और रविवार को आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कटरा नेवाजी टोला स्थित आर.एन. सिंह इवनिंग कॉलेज में सुबह 9:00 बजे से प्रारंभ होगा। उक्त निर्णय सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला कोर कमेटी एवं जिला पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया। जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने बताया कि इस महाअभियान में जिले के सभी वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, विधान पार्षद, जिला कार्यकारिणी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी भाग लेंगे।

प्रशिक्षण शिविर में मार्गदर्शन हेतु बिहार सरकार के मंत्री या प्रदेश स्तर के बड़े नेताओं का आगमन होगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है।

बैठक के अंतिम चरण में भाजपा की दिवंगत नेत्री नेहा यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सदस्यों ने एक मिनट का मौन रखकर उनके तैल्य चित्र पर पुष्प अर्पित किए। रणजीत कुमार सिंह ने उन्हें पार्टी का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनकी कमी सारण भाजपा को हमेशा खलेगी।

इस अवसर पर पूर्व जिलाअध्यक्ष रामदयाल शर्मा, रमेश प्रसाद, वेद प्रकाश उपाध्याय, डॉ धर्मेंद्र कुमार सिंह, महामंत्री विवेक कुमार सिंह सहित श्रीनिवास सिंह, कृष्णा राम, अनु सिंह और अर्द्धेन्दु शेखर सहित अन्य उपस्थित थे। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार