'लोकतंत्र बचाओ' का संकल्प: कटिहार में गरजे भाजपा नेता, जन-जन तक अभियान पहुंचाने का आह्वान!
कटिहार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार जिला भाजपा कार्यालय में मंगलवार को जिला अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव यादव ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर जन-जन तक पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभियान की तय रूपरेखा के अनुसार धरातल पर सक्रिय भूमिका निभाएं और आम जनता के बीच लोकतांत्रिक अधिकारों एवं सुशासन के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके उपरांत जिला अध्यक्ष मनोज राय ने मंचासीन सभी अतिथियों का अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैठक में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने, मंडल से लेकर बूथ स्तर तक अभियान टोली को गति देने तथा सुशासन की स्थापना के संकल्प को दोहराया गया।
कार्यशाला में राष्ट्रीय संगठन से जुड़े अनंत नारायण मिश्रा, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, प्रदेश विस्तारक प्रवासी संजय राय एवं पूर्व जिला अध्यक्ष लक्खी महतो सहित कई वरिष्ठ नेता प्रमुख रूप से मंचासीन रहे।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंद अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी व रवि शाह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रियंका सिंह सहित सभी जिला पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, मंडल अध्यक्ष और जिला एवं मंडल अभियान टोली के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने और जनहित के मुद्दों को प्रखरता से उठाने की सामूहिक प्रतिबद्धता जताई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह