भाजपा का एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य : मृत्युंजय झा
पटना, 02 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश के प्रशिक्षण विभाग की बैठक रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर संचालित डिजिटल प्रशिक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि बिहार प्रदेश में अब तक लगभग 60 हजार कार्यकर्ता डिजिटल प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, जबकि प्रदेश भाजपा ने एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अभियान को नई गति देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 2 से 4 अगस्त के बीच बिहार के सभी 13 संगठनात्मक क्षेत्रों की अलग-अलग वर्चुअल बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके पश्चात 5 से 10 अगस्त के बीच प्रदेश के 52 जिलों की वर्चुअल बैठकें संपन्न होंगी।
इन बैठकों में मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, सभी 7 मोर्चों के मंडल पदाधिकारी एवं जिला एवं प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष, बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड एवं प्रशिक्षण प्रभारी, बिहार ने कहा कि डिजिटल प्रशिक्षण अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक, संगठनात्मक एवं तकनीकी सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विचार, कार्यपद्धति तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों की सम्यक जानकारी देकर उन्हें समाज के बीच प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण मॉड्यूल में भारतीय जनता पार्टी का इतिहास एवं विकास, केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियाँ, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचार, नमो ऐप का उपयोग तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर वीडियो आधारित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। सभी प्रतिभागी वीडियो देखने के उपरांत ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भाग लेते हैं तथा सफल होने पर उन्हें डिजिटल प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) भी प्रदान किया जाता है।
झा ने कहा कि इस प्रकार की आधुनिक, व्यवस्थित एवं तकनीक-आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था भारतीय जनता पार्टी की विशिष्ट संगठनात्मक पहचान है। इससे कार्यकर्ताओं का वैचारिक विकास होने के साथ-साथ उनकी संगठनात्मक दक्षता भी बढ़ती है और वे पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाने में सक्षम बनते हैं।
बैठक में सभी मोर्चों के प्रशिक्षण को लेकर झा ने कहा कि प्रत्येक मोर्चा अपने क्षेत्रीय एवं जिला स्तर पर वर्चुअल बैठकें आयोजित करे तथा बिहार के 1420 मंडलों में कार्यरत मोर्चा पदाधिकारियों को इस डिजिटल प्रशिक्षण अभियान से जोड़कर उनका प्रशिक्षण सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता से ही अभियान अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगा।
बैठक में यह तय हुआ कि विभिन्न स्तरों पर लगातार वर्चुअल बैठकों का आयोजन कर कार्यकर्ताओं को प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि डिजिटल प्रशिक्षण अभियान को बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक पहुँचाया जा सके और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, कार्यसंस्कृति एवं जनसेवा के संकल्प के साथ समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभा सके।
बैठक में प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा, विकास ओझा, अनमोल शोभित, संजय राय, नवीन सिंह, नेहा निश्चल, नीलम भारती, रितेश रंजन, रमेश श्रीवास्तव, नीलेश कुमार, महादेव चौधरी, विजय यादव, शिवनारायण, प्रफुल आदि उपस्थित रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त