भारत की अवधारणा वर्तमान सीमाओं से कहीं व्यापक : डॉ प्रीति शेखर
भागलपुर, 10 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रवक्ता डॉ प्रीति शेखर ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उनका वक्तव्य ऐतिहासिक और वैचारिक दृष्टि से अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि भारतवर्ष केवल वर्तमान भौगोलिक मानचित्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी सभ्यतागत और सांस्कृतिक सीमा कहीं अधिक व्यापक रही है। डॉ प्रीति शेखर ने कहा कि आज जिस भारत को हम मानचित्र पर देखते हैं, उससे अलग एक ऐतिहासिक भारत भी रहा है। जिसमें वर्तमान पाकिस्तान और बांग्लादेश का क्षेत्र भी शामिल था। भारत की सभ्यता, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रभाव पूरे उपमहाद्वीप पर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की अवधारणा का जन्म भारत की धरती पर हुआ, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश आज अपनी ही नीतियों और कर्मों के कारण राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से संकट के दौर से गुजर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वहा की जनता अस्थिरता, हिंसा और अव्यवस्था का दंश झेल रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व में लोकतंत्र, विकास और स्थिरता का प्रतीक बनकर उभरा है। जबकि पड़ोसी देश अपनी गलत नीतियों के कारण पीछे रह गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान भारत की ऐतिहासिक सच्चाई और सांस्कृतिक चेतना को उजागर करता है। जिसे समझने की आवश्यकता है। डॉ. प्रीति शेखर ने विश्वास जताया कि भारत अपने लोकतांत्रिक मूल्यों, सांस्कृतिक विरासत और मजबूत नेतृत्व के बल पर आगे भी विश्व पटल पर अपनी सशक्त पहचान बनाए रखेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर